चेन्नई , अक्टूबर 20 -- पुलिस ने मंगलवार को नाम तमिलर काची (एनटीके) की उम्मीदवार एम. कार्तिका और नौ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया।
सुश्री कार्तिका ने 6 अक्टूबर को हुए धारापुरम विधानसभा उपचुनाव में चुनाव लड़ा था लेकिन वह जीत नहीं पाई थीं। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के संस्थापक और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के रोड शो में बाधा डाली और विरोध-प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों ने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है और सरकार की इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है।
सुश्री कार्तिका के साथ उनके पति और एनटीके के आठ अन्य पदाधिकारियों को कोयंबटूर में तड़के की गई एक छापेमारी में गिरफ्तार किया गया। इस बीच एनटीके, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक), पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) सहित कई विपक्षी दलों के नेताओं ने सुश्री कार्तिका की गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि उपचुनाव प्रचार के दौरान दर्ज किए गए मामले में अब कार्रवाई क्यों की जा रही है?एनटीके के संस्थापक और संयोजक सीमन ने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया। उन्होंने सरकार से ऐसी राजनीतिक बदले की भावना वाली कार्रवाई रोकने और गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को रिहा करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित