नयी दिल्ली , जुलाई 24 -- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने वरिष्ठ पेशेवर पदों पर भर्ती और 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एनटीए ने शुक्रवार को बताया कि जनरल मैनेजर स्तर के चार पदों के लिए विज्ञापन जारी किये गये हैं, वहीं संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से पहली बार यंग प्रोफेशनल्स को जोड़ने की पहल की गयी है। यह कदम प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुरूप संस्थागत पुनर्गठन का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि चारों जनरल मैनेजर पद तीन वर्ष के प्रारंभिक अनुबंध पर होंगे। इनमें असेसमेंट रिसर्च एवं साइकोमेट्रिक्स, टेस्ट सेंटर नेटवर्क एवं ऑपरेशंस, इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी (मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी) तथा विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एवं फॉरेंसिक्स शामिल हैं। इन अधिकारियों को परीक्षा प्रणाली के वैज्ञानिक विकास, देशभर के परीक्षा केंद्रों के संचालन, साइबर सुरक्षा, डेटा संरक्षण, डिजिटल फॉरेंसिक और परीक्षा में अनियमितताओं की जांच जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जायेंगे।

इसके साथ ही एनटीए पहली बार यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति करेगा। इनमें 12 पद अकादमिक अनुसंधान, दो विधिक अनुसंधान तथा दो वित्त एवं लेखा के लिए होंगे। इनकी नियुक्ति प्रारंभिक 24 महीने के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक बढ़ाया जा सकेगा।

एनटीए ने कहा है कि आने वाले सप्ताहों में विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुसार अन्य कार्यात्मक क्षेत्रों में भी भर्ती और पैनल गठन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित