नयी दिल्ली , जुलाई 06 -- कांग्रेस की छात्र इकाई राष्ट्रीय छात्र संगठन-एनएसयूआई ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक चुनाव कराने की घोषणा करते हुए कहा है कि यह चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और पूरी चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप संचालित की जाएगी।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ तथा केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के समन्वयक के.के. शास्त्री ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कांग्रेस नेतृत्व ने 30 अप्रैल को केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण का गठन किया था, जो देशभर में संगठनात्मक चुनावों का संचालन करेगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को इस तरह तैयार किया गया है कि वह सभी छात्रों के लिए खुली, सुलभ और पूरी तरह पारदर्शी हो। पहले चरण में राज्यों में सदस्यता अभियान चलाकर कॉलेज और विश्वविद्यालय अध्यक्षों तथा संबंधित समितियों का चुनाव कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में निर्वाचित कॉलेज और विश्वविद्यालय अध्यक्ष जिला अध्यक्ष, जिला समिति, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश समिति का चुनाव करेंगे।
उन्होंने बताया कि सदस्य बनने के लिए आवेदक के लिए न्यूनतम अर्हता उसका छात्र होना, भारत का नागरिक होना, संविधान के प्रति आस्था रखना, 16 से 27 वर्ष की आयु का होना तथा कॉलेज पहचान पत्र और आधार कार्ड होना अनिवार्य है। तीन वर्ष की सदस्यता के लिए 45 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच (स्क्रूटनी) के उपरांत परिणाम घोषित किए जाएंगे। विभिन्न राज्यों की सामाजिक संरचना को ध्यान में रखते हुए आरक्षण की व्यवस्था तय की जाएगी तथा महिलाओं के प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
एनएसयूआई के नेताओं ने कहा कि चुनाव कैलेंडर, सदस्यता की शर्तें और स्क्रूटनी प्रक्रिया तय करने का अधिकार केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के पास होगा तथा चुनाव संबंधी सभी शिकायतों पर उसका निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित