नयी दिल्ली , अक्टूबर 05 -- भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) ने सोमवार देर शाम दिल्ली पुलिस पर उसके 18 कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज करने का आरोप लगाया।
एनएसयूआई ने कहा कि संसद मार्ग थाने में दर्ज एफआईआर में कार्यकर्ताओं पर पुलिस अधिकारी के हाथ पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया है, जो पूरी तरह गलत है।
एनएसयूआई ने बयान में दावा किया कि पुलिस अधिकारी के हाथ में चोट कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के दौरान बैरिकेडिंग के कारण लगी थी। संगठन का आरोप है कि इसके बावजूद एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं, ताकि उन पर दबाव बनाया जा सके और उन्हें डराया-धमकाया जा सके।
संगठन ने दिल्ली पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि फर्जी मामलों के जरिए उसके कार्यकर्ताओं को डराया नहीं जा सकता। संगठन ने पुलिस से मामले दर्ज करना और कार्यकर्ताओं को डराना बंद करने की मांग की। एनएसयूआई ने कहा कि उसके कार्यकर्ता न डरेंगे और न ही दबाव के आगे झुकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित