रायपुर , जून 05 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं और धोखाधड़ी के मामलों में नामजद रहे लोग आज शुचिता और पारदर्शिता की बात कर रहे हैं।

भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. मिश्रा ने कहा कि विनोद जाखड़ का नाम वर्ष 2015 में राजस्थान विश्वविद्यालय से संबद्ध राजस्थान कॉलेज की पीजी प्रवेश परीक्षा से जुड़े एक कथित फर्जीवाड़े में सामने आया था। उन्होंने दावा किया कि उस समय जाखड़ की जगह परीक्षा में एक डमी उम्मीदवार बैठाया गया था और परीक्षा के दौरान फ्लाइंग स्क्वॉड तथा वीक्षकों ने एडमिट कार्ड पर लगी तस्वीर और परीक्षा दे रहे व्यक्ति के चेहरे में अंतर पाए जाने पर उसे पकड़ लिया था।

डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि इस मामले में संबंधित थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी तथा पुलिस ने मामले की जांच की थी। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर परीक्षा में प्रतिरूपण (इंपर्सनेशन) जैसे गंभीर आरोप लगे हों, वह आज छत्तीसगढ़ में आकर छात्रों के हितों की बात कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित