भोपाल , मई 04 -- देश के प्रमुख शेयर बाजार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) ने सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट (ईजीआर) को एक नये सेगमेंट के तौर पर शुरू किया।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इसका उद्देश्य देश के पारंपरिक और बड़े स्वर्ण बाजार में पारदर्शिता, सहजता और एक मजबूत सिस्टम लाना है। यह पहल भौतिक सोना और वित्तीय बाजारों के बीच के वर्षों से चले आ रहे अंतर को खत्म करने में मदद करेगी।
एनएसई ने बताया कि ईजीआर एक तरह की डिजिटल प्रतिभूति है, जो भौतिक सोने के मालिकाना हक को दर्शाती है। जितने ईजीआर की बिक्री होती है उसके बदले सोना सेबी द्वारा मान्यता प्राप्त वॉल्ट्स में सुरक्षित रखा जाता है और डिपॉजिटरी के जरिये इलेक्ट्रॉनिक स्वरूप में होल्ड किया जाता है। हर ईजीआर पूरी तरह असली सोने से जुड़ा होता है और इसे एक्सचेंज पर आसानी से ट्रेड किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित