मुंबई , सितंबर 16 -- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) ने 17 सितंबर से खुलने वाले अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले एंकर निवेशकों से 6,746.18 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई है।

एनएसई ने बुधवार को बताया कि उसने 189 एंकर निवेशकों को 1,785 रुपये प्रति शेयर की दर से 3,77,93,739 शेयरों का आवंटन किया है। इनमें 1,39,77,524 शेयर यानी 36.98 प्रतिशत घरेलू म्यूचुअल फंड कंपनियों को जारी किए हैं। इसके अलावा 27 जीवन बीमा कंपनियों को 60,60,744 शेयरों (16.04 प्रतिशत) का आवंटन किया गया है।

एनएसई का आईपीओ 17 सितंबर से 21 सितंबर तक खुला रहेगा। कंपनी बीएसई पर सूचीबद्ध हो रही है। कंपनी के एक रुपये अंकित मूल्य वाले 247.50 करोड़ शेयर में से मौजूदा निवेशक 12,64,36,650 शेयर बेच रहे हैं। यह कंपनी के कुल शेयर का 5.11 प्रतिशत है।

शेयरों के लिए मूल्य का दायरा 1,700 रुपये से 1,785 रुपये तैयार किया गया है। निवेशक कम से कम आठ शेयरों और उसके बाद आठ के गुणांक में शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। मूल्य दायरे की ऊपरी सीमा पर आईपीओ का आकार 22,569 करोड़ रुपये का होगा। इसके देश के वित्तीय क्षेत्र का सबसे बड़ा आईपीओ होने की उम्मीद है।

कंपनी ने बताया कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों 2,883 करोड़ रुपये का निवेश किया है जो कुल एंकर बुक का 43 प्रतिशत है। वहीं, 25 से अधिक बड़े घरेलू म्यूचुअल फंड और 11 बड़ी घरेलू बीमा कंपनी/पेंशन फंड ने 3,588 करोड़ रुपये का निवेश किया है जो कुल एंकर बुक का 53 प्रतिशत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित