हैदराबाद , अप्रैल 19 -- एनएलसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रसन्न कुमार मोटुपल्ली को प्रतिष्ठित "प्राइड ऑफ तेलंगाना" पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान पीआरएसआई हैदराबाद चैप्टर द्वारा आयोजित चौथे तेलंगाना जनसंपर्क सम्मेलन और राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस समारोह के दौरान रविवार को प्रदान किया गया।

पुरस्कार तेलंगाना मीडिया अकादमी के अध्यक्ष के श्रीनिवास रेड्डी, विशेष आयुक्त (आई एंड पीआर) प्रियंका तथा प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो के नागेश्वर ने गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में प्रदान किया।

भद्राचलम के मूल निवासी श्री मोटुपल्ली ने अपने गृह राज्य में यह सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। यह पुरस्कार ऊर्जा क्षेत्र में उनके नेतृत्व और योगदान विशेष रूप से खनन, बिजली उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्रों में एनएलसी इंडिया के प्रदर्शन को मजबूत करने के लिए दिया गया।

उनके नेतृत्व में कंपनी ने उत्पादन क्षमता बढ़ाई, संचालन दक्षता में सुधार किया और वर्तमान में तेलुगु राज्यों को लगभग 400 मेगावाट बिजली आपूर्ति कर रही है, जिससे क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा को बल मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित