नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक और सरकारी क्षेत्र की कंपनी एनएमडीसी ने जनवरी 2026 में 55.6 लाख टन के रिकार्ड उत्पादन के साथ वित्त वर्ष 2026 के पहले माह में उत्पादन मात्रा और वित्तीय कारोबार दोनों क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि के साथ शानदार प्रदर्शन किया।

कंपनी की ओर से वित्त मंत्रालय की बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार कंपनी ने जनवरी में अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन एवं बिक्री दर्ज की, जिससे कंपनी की प्रचालन गति और मजबूत हुई। कंपनी ने जनवरी में 55.6 लाख टन लौह अयस्क का उत्पादन और 47.9 लाख टन की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में उत्पादन में नौ प्रतिशत और बिक्री में सात प्रतिशत की मजबूत वार्षिक वृद्धि दर्शाती है।

चालू वित्त वर्ष में जनवरी 2026 तक के दस महीनों में कंपनी का उत्पादन बढ़कर 426.5 लाख टन रहा जो 19 प्रतिशत की सर्वोच्च वृद्धि को दर्शाता है। जबकि बिक्री इसी साल की पिछली अवधि से 9.7 प्रतिशत बढ़कर 397.3 लाख टन हो गई है।

एनएमडीसी ने अपनी स्थापना के बाद चालू वित्त वर्ष के प्रथम नौ माह में शानदार प्रदर्शन कर 22 प्रतिशत की वृद्धि दर से 20,381 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि परिचालन लाभ (पीबीटी) पांच प्रतिशत की वृद्धि के साथ 7,280 करोड़ रुपये रहा । पहले नौ महीनों में कंपनी ने चार प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ 5,401 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह बढ़कर 7,666 करोड़ हो गया, जो पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

एनएमडीसी ने अपने शेयरधारकों के लिए प्रति शेयर 2.50 रुपये का अंतरिम लाभांश भी घोषित किया है। यह प्रदर्शन रिकॉर्ड मात्रा और निरंतर प्रचालन उत्कृष्टता के कारण ही संभव हुआ, जिससे एनएमडीसी भारत की सबसे मजबूत खनन कंपनियों में से श्रेष्ठ कंपनी के रूप में स्थापित हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित