पटना , जून 15 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एनएफडीबी), हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय के खुलने से राज्य में मत्स्य पालन क्षेत्र को नई गति मिलेगी और राज्य के मत्स्यपालकों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के साथ मीठापुर में संयुक्त रूप से एनएफडीबी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया।
श्री चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि बिहार अब मछली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और राज्य में उत्पादित मछलियों की मांग पड़ोसी राज्यों तथा नेपाल तक है। उन्होंने मत्स्य पालकों से बिना कांटे वाली और बेहतर गुणवत्ता की मछलियों के उत्पादन पर जोर देते हुए कहा कि बिहार को भविष्य में मछली निर्यातक राज्य बनाना लक्ष्य होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पंचायत और प्रखंड में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीण हाटों में दूध, सब्जी और मछली की संयुक्त बिक्री की व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे किसानों और मत्स्य पालकों को सीधे बाजार का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सहकारिता समितियां भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मत्स्य पालन, कृषि और पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार मानकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू की गई नीली क्रांति, सफेद क्रांति और कृषि रोडमैप की योजनाओं का लाभ अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
श्री चौधरी ने पर्यटन क्षेत्र की नई पहल की भी घोषणा करते हुए कहा कि 15 जुलाई से पटनावासियों को 2100 रुपये में हेलीकॉप्टर से पटना दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा राजगीर, मुंडेश्वरी मंदिर, तुतला भवानी मंदिर, जलप्रपातों और वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व क्षेत्र का हेलीकॉप्टर से भ्रमण मात्र 6000 रुपये में कराया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार भी अनुदान देगीमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि एनएफडीबी के क्षेत्रीय कार्यालय के संचालन से बिहार के मत्स्य क्षेत्र में निवेश, उत्पादन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, मत्स्य पालन विभाग के सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी और एनएफडीबी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार बेहरा ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित