बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-47 पर आज हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक और दो युवतियों की मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चिचोली थाना क्षेत्र के दनोरा-कुमली (टाहली जोड़) के पास एक तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में भीमपुर विकासखंड के खारीढाना निवासी आंचल सेन (25), महदगांव क्षेत्र निवासी खुशी पंडग्रे (22) और कपिल बारस्कर (18) गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आंचल सेन इंदौर में एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं और आज तड़के इंदौर से लौटने के बाद उन्होंने अपनी सहेली खुशी पंडग्रे को टाहली जोड़ पर बुलाया था। खुशी अपने भांजे कपिल बारस्कर के साथ मोटरसाइकिल से उन्हें लेने पहुंची थीं। तीनों जब गांव लौट रहे थे, तभी दनोरा-कुमली जोड़ के समीप सामने से आ रहे टवेरा वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

दुर्घटना में कपिल बारस्कर की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आंचल सेन और खुशी पंडग्रे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आंचल और खुशी के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में तथा कपिल का पोस्टमार्टम चिचोली में कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टवेरा वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना गया है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित