सोनीपत , जुलाई 31 -- हरियाणा के सोनीपत के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सुरक्षित और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शुक्रवार को संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान बीसवां माइल चौक क्षेत्र से अवैध ठेले, अस्थायी ढांचे और अन्य अतिक्रमण हटाये गये। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और अवैध रूप से सड़क किनारे सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गयी।
संयुक्त टीम ने राजमार्ग किनारे अवैध रूप से घेवर बेच रहे विक्रेताओं को नोटिस जारी किये और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी लगाया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में एनएच-44 पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अनधिकृत सड़क किनारे बिक्री पाये जाने पर संबंधित वाहनों को जब्त करने सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग और अनधिकृत दुकानें यातायात बाधित करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाती हैं। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा और निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों और व्यापारियों से राजमार्ग पर अतिक्रमण न करने तथा प्रशासन का सहयोग करनेकी अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित