सिवनी , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर लखनादौन थाना क्षेत्र के सिरमंगनी गांव के पास रविवार सुबह खड़ी यात्री बस में पीछे से ट्रक की टक्कर लगने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। इनमें से पांच घायलों को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार भोपाल से मंडला जा रही यात्री बस सिरमंगनी गांव के पास किसी कारणवश सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कहानी निवासी 40 वर्षीय देवेंद्र पटेल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही लखनादौन पुलिस, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल लखनादौन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार लखनादौन में जारी है।

दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। लखनादौन थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही प्रतीत हो रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित