नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सर्दियों से पहले दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए धूल रोकने और यातायात सुगम बनाने के उपाय तेज करने शुरु कर दिये हैं।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि एनएचएआई ने इन प्रयासों के तहत करीब 60 वाटर स्प्रिंकलर एवं टैंकर, 14 एंटी-स्मॉग गन, 23 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें, दो ट्रैक्टर माउंटेड बूमर और 900 से अधिक कर्मियों को तैनात किया है। इसके अलावा पूरे दिल्ली-एनसीआर में राष्ट्रीय राजमार्गों के 157 किमी हिस्से में 13 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें भी लगायी गयी हैं।

एनएचएआई के सदस्य (तकनीकी) आलोक दीपांकर ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की और अधिकारियों को उपकरणों तथा कर्मचारियों की पूरी तैनाती सुनिश्चित करने, नियमित रूप से पानी का छिड़काव और सड़कों की यांत्रिक सफाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के मानकों का सख्ती से पालन करने, निर्माण सामग्री को ढकने और सड़कों को धूलमुक्त रखने पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित