नयी दिल्ली , अगस्त 27 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के पानीपत स्थित सरकारी अस्पताल में निदान परीक्षण के दौरान दुष्कर्म पीडित महिला की मृत्यु पर स्वतः संज्ञान लिया।

एनएचआरसी ने आज बताया कि आयोग ने गत 16 अगस्त को एक नैदानिक परीक्षण के दौरान दुष्कर्म की शिकार हुई 57 वर्षीय महिला की मृत्यु से संबंधित मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। रोहतक स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान में 18 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी।

आयोग ने माना है कि यदि समाचार में उल्लिखित तथ्य सत्य हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। आयोग ने हरियाणा के मुख्य सचिव और पानीपत के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

उल्लेखनीय है कि 19 अगस्त को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गंभीर रूप से बीमार रोगी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। खबरों के मुताबिक, सीटी स्कैन कक्ष के अंदर मशीन ऑपरेटर ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसे धमकी दी कि वह इस घटना का खुलासा किसी से नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित