नयी दिल्ली , अगस्त 28 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पश्चिम बंगाल के मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अगस्त के पहले तीन सप्ताह के दौरान कम से कम 60 नवजात शिशुओं की मौत की मीडिया रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया है।

एनएचआरसी ने शुक्रवार को बताया कि आयोग ने माना कि यदि मीडिया रिपोर्ट में सामने आये तथ्य सही हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े गंभीर सवाल है। इसी के मद्देनजर आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर मामले में विस्तृत रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 27 अगस्त को प्रकाशित खबर में बताया गया कि अगस्त के पहले तीन सप्ताह में मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कम से कम 60 नवजातों की मौत हुई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इन 60 नवजातों में से 44 को उनकी स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने के बाद अन्य चिकित्सा केंद्रों से मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया था। रिपोर्ट में एक ही दिन में 10 नवजातों की मौत होने का भी दावा किया गया है।

आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार से नवजातों की मौत के कारणों, अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और मामले में अब तक की गयी कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित