नयी दिल्ली , जनवरी 15 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक 14 साल की लड़की के कथित अपहरण और दुष्कर्म की मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है।

एनएचआरसी ने गुरुवार को बताया कि आयोग ने इस प्रकरण को गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी किया है और दो सप्ताह के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आयोग का कहना है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह कानून-व्यवस्था और मानवाधिकार संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गत पांच जनवरी की रात पीड़िता को उसके घर के पास से अगवा किया गया था। इसके बाद उसे रेलवे लाइन के पास एक स्थान पर ले जाकर दो आरोपियों द्वारा उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों में से एक के उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक होने की बात कही जा रही है।

यह भी आरोप है कि पीड़िता के परिजन जब प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भीमसेन पुलिस चौकी पहुंचे, तो उन्हें वहां से भगा दिया गया। इसके बाद परिवार सचेंडी पुलिस थाने गया, जहां कार में सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और बलात्कार का मामला दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित