नयी दिल्ली , मार्च 19 -- बिजली के केबल और तार बनाने वाले एनईसी समूह ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में नयी इकाई लगाकर उत्पादन और क्षमता विस्तार के लिए 200 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है।
कंपनी के शीर्ष प्रबंधन ने यहां यशोभूमि में आयोजित भारत बिजली सम्मेलन, 2026 के पहले दिन समूह के पांच साल के रोडमैप की जानकारी दी। उसने बताया कि इस राशि का उपयोग नोएडा में एक नयी इकाई लगाकर उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए किया जायेगा। यह पहल 'मेक इन इंडिया' के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य देश को वैश्विक विनिर्माण शक्ति के रूप में स्थापित करना है।
कंपनी ने बताया कि इस नये पूंजी निवेश से मशीनरी, प्रौद्योगिकी और कार्यबल का विस्तार किया जायेगा जिससे बढ़ती घरेलू मांग को पूरा करने के अलावा कंपनी प्रतिस्पर्धी निर्यात क्षमता का भी सृजन कर सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित