नयी दिल्ली , जुलाई, 12 -- नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने रविवार को एक हाई-परफॉर्मेंस राष्ट्रीय निशानेबाजी शिविर शुरू करने की घोषणा की। यह कैंप चीन के हांग्जो में होने वाले आईएसएसएफ विश्व कप और आइची-नागोया एशियन गेम्स से पहले भारतीय टीम के लिए एक अहम शुरुआत होगी।

20 जुलाई तक चलने वाले इस व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम में राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं के देश के 35 बेहतरीन निशानेबाज शामिल होंगे। इस शिविर में मनु भाकर, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, इलावेनिल वलारिवन, ईशा सिंह और भवनीश मेंदीरट्टा हिस्सा ले रहे हैं। टीम को बेहतरीन तकनीकी प्रशिक्षण देने के लिए, एनआरएआई ने रेंज पर ही एक मज़बूत कोचिंग पैनल तैयार किया है। टेक्निकल ट्रेनिंग की अगुवाई करने वाले प्रमुख इंटरनेशनल एक्सपर्ट्स में ओलंपिक चैंपियन पीटर विल्सन (विदेशी कोच, ट्रैप) के साथ-साथ जाने-माने विदेशी कोच थॉमस फ़ार्निक (राइफल), जेलेना अरुनोविच (पिस्टल) और रिकार्डो फिलिपेली (स्कीट) शामिल हैं।

प्रशिक्षिण कार्यक्रम के महत्व पर बल देते हुए एनआरएआई के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने कहा, "हम भारतीय शूटिंग के लिए बहुत अहम महीनों में प्रवेश कर रहे हैं। हांग्जो में वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स हमारे लिए बड़े पड़ाव हैं, और यह कैंप इसलिए बनाया गया है ताकि हमारे शूटर्स सही समय पर अपना बेस्ट प्रदर्शन कर सकें। पीटर विल्सन, समरेश जंग और हमारी अंतरराष्ट्रीय टीम जैसे टॉप-लेवल कोच की देखरेख में हमारे मुख्य ग्रुप का एक साथ ट्रेनिंग करना हमें छोटी-छोटी कमियों को दूर करने का सही माहौल देता है। इसका मकसद उनके रूटीन को बेहतर बनाना है ताकि वे पूरी स्पष्टता के साथ इंटरनेशनल रेंज पर उतर सकें।" कोचिंग के मुख्य सेटअप को और मज़बूत बनाने के लिए हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डॉ. पियरे ब्यूचैम्प और हाई परफॉर्मेंस मैनेजर रौनक पंडित मौजूद हैं। वे 11 सदस्यों वाली स्पोर्ट्स साइंस यूनिट को लीड कर रहे हैं, जो चोट से बचाव, कंडीशनिंग और मानसिक तैयारी पर ध्यान देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित