चंडीगढ़ , फरवरी 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को चंडीगढ़ में 'पंजाबी डायस्पोरा मीट' शीर्षक से एनआरआई सम्मेलन आयोजित किया।
भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाबी प्रवासी समुदाय का स्वागत किया और पंजाब तथा भारत को वैश्विक पहचान दिलाने में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे दुनियाभर में भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य पंजाब के विकास से जुड़े एनआरआई समुदाय की चिंताओं और सुझावों को सुनना है।
नशे, कानून-व्यवस्था और आर्थिक मंदी जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए शर्मा ने प्रवासी समुदाय से पंजाब की समृद्धि के पुनर्निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सीमावर्ती राज्य पंजाब में एकता, शांति, सुरक्षा और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की पुरानी गरिमा को पुनः स्थापित किया जा सके।
सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा सरकार एनआरआई के पासपोर्ट के रंग को नहीं, बल्कि उनके "भारतीय डीएनए" को महत्व देती है, जो उन्हें अपनी मातृभूमि से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनकर उभरा है और वैश्विक सम्मान अर्जित किया है।
श्री चुघ ने कहा कि पंजाब को स्थिर और विकासोन्मुख नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने एनआरआई समुदाय से राज्य में आर्थिक विकास, औद्योगिक निवेश और सुरक्षा बहाली के लिए 'डबल इंजन सरकार' का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा शासित राज्यों की तरह पंजाब में भी एनआरआई समुदाय को समान अधिकार और संरक्षण मिलेगा, उनके निवेश की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और पारदर्शी एवं विकासोन्मुख वातावरण प्रदान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित