पौड़ी , जनवरी 28 -- भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की पौड़ी गढ़वाल जिला कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) कक्ष में जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में समिति द्वारा अब तक किए गए कार्यों की प्रगति पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गयी।

बैठक में जिलाधिकारी ने रेडक्रॉस का सदस्यता शुल्क देकर इसकी आजीवन सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रेडक्रॉस से जुड़ने की अपील की। उन्होंने अभियान चलाकर रेडक्रॉस स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने हेतु कार्ययोजना बनाने तथा आजीवन सदस्यता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों को प्राथमिकता के आधार पर दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगाया जाए, जिससे जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित हो सके।

सुश्री भदौरिया ने कहा कि आपदा, आपात स्थिति अथवा राहत सामग्री वितरण के लिए रेडक्रॉस समिति को आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय, ताकि अनावश्यक व्यय से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने रेडक्रॉस गतिविधियों के लिए आय के स्थायी स्रोत विकसित करने तथा विकासखंड स्तर पर जरूरतमंदों को कंबल एवं आवश्यक सामग्री वितरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के कार्यालय सुदृढ़ीकरण की कार्रवाई की जाएगी तथा कंप्यूटर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे रेडक्रॉस के सभी कार्य अधिक व्यवस्थित रूप से हो सकें।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी को रेडक्रॉस के लिए एक सक्षम चिकित्साधिकारी को कोषाध्यक्ष नामित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जन औषधि केंद्रों में जेनेरिक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए स्पष्ट किया कि महंगी बाहरी दवाएं लिखने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जन औषधि केंद्र, कोटद्वार द्वारा किराया भुगतान न किए जाने पर संबंधित को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित