देहरादून , सितंबर 29 -- राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र (एनआईसी), उत्तराखण्ड राज्य इकाई ने मंगलवार को यहां "जन परिचय : पहचान एक, सेवाएँ अनेक" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार के अधिकारियों को राष्ट्रीय सिंगल साइन ऑन (एसएसओ) प्लेटफॉर्म "मेरी पहचान" की कार्यप्रणाली, विशेषताओं एवं उपयोगिता से विस्तारपूर्वक अवगत कराना था।
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पंकज कुमार पांडे, आई.ए.एस., सचिव (आई.टी.) उत्तराखण्ड सरकार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में नागरिक केंद्रित सेवाओं की फास्ट डिलिवरी एवं डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में "जन परिचय" जैसी पहलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्य के सभी विभागों से इस प्लेटफॉर्म को शीघ्र अपनाने का आह्वान किया। वैज्ञानिक-जी/उप महानिदेशक एवं समूह समन्वयक, एनआईसी मुख्यालय, नई दिल्ली वी.टी.वी. रमण ने सिंगल साइन ऑन सरकारी प्लेटफॉर्म को नागरिक सेवाओं के लिए सुरक्षित बताया।
सत्र का समापन वैज्ञानिक-जी/उप महानिदेशक, एनआईसी मुख्यालय, नई दिल्ली दयाल खंडेलवाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इसके पश्चात तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम संजय शर्मा, वरिष्ठ निदेशक (आई.टी.), जन परिचय प्रभाग, एन.आई.सी. ने "एसएसओ जन परिचय" विषय पर कार्यशाला की रूपरेखा, अमित कुमार, संयुक्त निदेशक (आई.टी.) ने "जन परिचय की मूल्य-वर्धित सेवाओं" की जानकारी और वैभव पाठक, इंडस्ट्री एक्सपर्ट द्वारा साइबर सुरक्षा विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। जिसमें उन्होंने डिजिटल प्रमाणीकरण प्रणालियों में सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित