श्रीनगर/पौड़ी, अप्रैल 30 -- उत्तराखंड में अलकनंदा नदी के एनआईटी घाट पर नहाने के दौरान डूबे छात्र का शव गुरुवार को एसडीआरएफ टीम ने सघन सर्च अभियान के बाद बरामद कर लिया। पिछले चार दिनों से लगातार चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद यह सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को शाम करीब 4:20 बजे कोतवाली श्रीनगर के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली थी कि घाट के पास एक युवक नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया।
डूबे युवक की पहचान आनंद सोहम (21 वर्ष), पुत्र सोभन सोहम, निवासी आंध्रप्रदेश के रूप में हुई, जो एनआईटी श्रीनगर में छठे सेमेस्टर का छात्र था। घटना के बाद से एसडीआरएफ की दो टीमें, 40 पीएसी और आपदा राहत दल द्वारा संयुक्त रूप से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित