पंचकूला , अगस्त 08 -- हरियाणा में पंचकूला के औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 स्थित अमरटैक्स परिसर में लगाए गए निशुल्क चिकित्सा शिविर में 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें निशुल्क दवाइयां भी दी गईं।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला की ओर से प्रयोग फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित शिविर में अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान लोग पहुंचे। इनमें पाचन संबंधी बीमारियां, त्वचा रोग, जोड़ों का दर्द, हड्डियों से जुड़ी समस्याएं, आंख-कान-नाक की बीमारियां, मधुमेह, रक्तचाप, बुखार, जुकाम और सर्वाइकल संबंधी परेशानियां शामिल थीं।
चिकित्सकों ने मरीजों की जांच करने के साथ उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार परामर्श दिया और निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
संस्थान के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव गर्ग ने कहा कि एनआईए पंचकूला का उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सा और स्वास्थ्य संरक्षण की सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है। इसके लिए संस्थान अलग-अलग क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर लगा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में बीमारी के उपचार के साथ उसकी रोकथाम और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने पर भी जोर दिया जाता है।
मुख्य चिकित्सक डॉ. धवल जी मकवाना ने बताया कि निशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से लोगों तक आयुर्वेद चिकित्सा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक, संस्थान में भी 500 से अधिक रोगी आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि उन्हें चिकित्सा जांच और परामर्श की सुविधा मिल सके।
अमरटैक्स ग्रुप के चेयरमैन अरुण ग्रोवर ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों से बचाव पर भी जोर देता है। उन्होंने लोगों से जीवनशैली में बदलाव करने और फास्ट फूड से बचने की अपील की।
शिविर में एनआईए के चिकित्सकों, नर्सिंग और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की जांच और दवा वितरण में सेवाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित