लखनऊ , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने कहा है कि जो संस्थान एनआईआरएफ में शीर्ष स्थान प्राप्त करेगा, उसे नियमित बजट के अतिरिक्त विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता सुधार के तहत 'स्टेट क्वालिटी फ्रेमवर्क' लागू कर संस्थानों के लिए नैक, एनआईआरएफ और एनबीए लक्ष्य तय किए गए हैं। मार्च में कार्यशालाओं के माध्यम से संस्थानों को गुणवत्ता मानकों और डेटा गैप की जानकारी दी जाएगी।
मंगलवार को प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने मुख्य भवन स्थित कार्यालय-कक्ष संख्या-87 में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर विभागीय तैयारियों का विस्तृत आकलन किया। बैठक में आशीष पटेल ने कहा कि सभी विभाग अपनी वास्तविक और तथ्यात्मक मांगें तीन दिन के भीतर संबंधित अनुभाग को भेजें तथा उसकी प्रति निजी सचिव को भी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि योजनाएं ठोस आधार पर तैयार हों, ताकि शिक्षा क्षेत्र में निवेश का सीधा प्रभाव गुणवत्ता और रोजगार पर दिखे। उन्होंने परीक्षा कैलेंडर को समयबद्ध रखने पर जोर देते हुए बताया कि मई के दूसरे सप्ताह से परीक्षाएं प्रारंभ कर 20 जून तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित