मेलबर्न , जुलाई 09 -- रिटायरमेंट प्लान देने वाले ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर भारत के राष्ट्रीय निवेश एवं अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) में 50 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 3,300 करोड़ रुपये) का निवेश करेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को यहां ऑस्ट्रेलिया-इंडिया सीईओ फोरम में ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ मुलाकात के बाद यह जानकारी दी।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, " मेलबर्न में आज सुबह ऑस्ट्रेलियनसुपर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पॉल श्रोडर द्वारा 50 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश की घोषणा का भारत स्वागत करता है। भारत में हो रहे आर्थिक विकास और सुधार में दुनिया के विश्वास का यह एक और प्रमाण है। यह भारत की गतिशील अर्थव्यवस्था में वैश्विक निवेशकों के लिए मौजूद अपार अवसरों को भी दिखाता है।"श्री मोदी ने आज सुबह ऑस्ट्रेलिया-इंडिया सीईओ फोरम को संबोधित किया और प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के सीईओ तथा दूसरे शीर्ष अधिकारियों से मिले। उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारतीय विमानन, परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स, वित्तीय सेवा, महत्वपूर्ण खनिज, प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, खाद्य सुरक्षा और कौशल के क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित