नयी दिल्ली , सितंबर 25 -- इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी कोणार्क ने शुक्रवार को अपना नया ईवी कोणार्क बाजार में पेश किया जिसकी एक्स-शोरूम कीमत (सब्सिडी घटाने के बाद) 79,999 रुपये से शुरू है।

कंपनी ने इसे अपने नये ईएल प्लेटफॉर्म पर विकसित किया है। इसमें आगे का पहिया 14 इंच का है जो गड्ढों वाली सड़कों पर बेहतर बैलेंस प्रदान करता है। इसका व्हील बेस 1,352 मिमी का है।

कंपनी के विपणन प्रमुख सौरभ शर्मा ने बताया कि इसमें कनेक्टेड बैटरी है जिसे कंपनी के पुराने वाहनों से बेहतर बनाया गया है। पहली बार किसी मॉडल में एथर बेडरॉक बैटरी दी गयी है। इस पर कंपनी 10 साल या एक लाख किमी की एक्सटेंडेड वारंटी दे रही है। उन्होंने हालांकि सलाह दी कि इसे लेने की जरूरत नहीं है। इसमें बैटरी बैलेंस पहले से पांच गुणा ज्यादा है और पहली बार बैटरी में हल्की दरार को भी सेंस करने की तकनीक दी गयी है।

कोणार्क एस के चार और कोणार्क ज़ी के दो वेरिएंट हैं जो धीरे-धीरे बाजार में पेश किये जा रहे हैं। कोणार्क एस के 125 किमी और 161 किमी रेंज वाले वेरिएंट आज बाजार में पेश किये गये। केंद्र और राज्य सरकारों से मिलने वाली सब्सिडी घटाने के बाद दिल्ली में इनकी एक्स-शोरूम कीमत क्रमशः 94,549 रुपये और 1,14,049 रुपये होगी।

कोणार्क एस का 100 किमी रेंज वाला वेरिएंट वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उपलब्ध होगा। इसकी दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 79,999 रुपये होगी। वहीं, 200 किमी रेंज वाला वेरिएंट अगले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में पेश किया जायेगा जिसकी कीमत की घोषणा अभी नहीं की गयी है।

एडवांस फीचरों वाला कोणार्क ज़ी 125 किमी और 161 किमी की रेंज के साथ पेश किया जायेगा। दोनों अगले साल जुलाई-सितंबर तिमाही में पेश किया जाएगा। इनकी कीमत भी अभी नहीं बतायी गयी है।

कोणार्क एस की अधिकतम रफ्तार 70 किमी और कोणार्क ज़ी की 80 किमी प्रति घंटा होगी। कोणार्क ज़ी में एडवांस इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम दिया गया है। साथ ही बिना चाबी के स्टार्ट और मोबाइल ऐप से स्टार्ट की सुविधा भी होगी।

कोणार्क के सभी वेरिएंट में मेटल बॉडी, पीछे बैठे यात्री के लिए एडजस्टेबल बैकरेस्ट, चाबी से ब्लूटूथ के जरिये या एक पुश बटन से डिक्की खोलने की सुविधा और ऐप के जरिये सभी कंपोनेंट के हेल्थ की जानकारी जैसे फीचर दिये गये हैं।

कंपनी ने इसके अलावा सोसायटियों में सेंट्रलाइज्ड चार्जिंग के लिए स्मार्ट बिजली प्रबंधन वाला एथरनोड भी पेश किया। यह खुद ही तय करेगा कि कब ऊर्जा का इस्तेमाल सोसयटी के किस कॉमन उपभोग के लिए कितना करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित