सहारनपुर , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जनपद की थाना नानौता मिशन शक्ति/एण्टीरोमियों टीम ने मात्र पांच घण्टे में लावारिस बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया है।

बता दे कि ऑपरेशन मुस्कान एवं मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत मिशन शक्ति/एंटी रोमियों टीमों द्वारा लगातार भ्रमण एवं गश्त की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष नानौता विकास चारण के नेतृत्व में थाना नानौता की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम को गश्त के दौरान संजय चौक के पास लगभग 10 वर्षीय बच्ची लावारिस अवस्था में घूमती हुई मिली।

पुलिस टीम द्वारा बच्ची से उसके परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। परंतु बच्ची अपने परिजनों का पूर्ण नाम-पता बताने में असमर्थ थी। टीम द्वारा तत्काल संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर मिशन शक्ति केंद्र पहुंचाया गया तथा उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए परिजनों की तलाश प्रारंभ की गई।

थाना नानौता मिशन शक्ति/एंटी रोमियों टीम द्वारा लगातार प्रयास एवं त्वरित कार्यवाही करते हुए बच्ची के संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई। अथक प्रयासों के फलस्वरूप यह ज्ञात हुआ कि बच्ची सहारनपुर शहर से भटककर नानौता पहुंच गई थी। पुलिस टीम द्वारा मात्र पांच घंटे के अंदर बच्ची के परिजनों की पहचान एवं तस्दीक कर ली गई।

आवश्यक सत्यापन एवं नियमानुसार कार्यवाही के उपरांत बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिजनों द्वारा नानौता पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित