अगरतला , अप्रैल 16 -- त्रिपुरा के सेपाहिजाला जिले के बॉक्सनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक तफज्जल हुसैन समेत 35 लोगों के खिलाफ कलमचौरा पुलिस थाने में एक मतदान केन्द्र पर हुई हिंसक घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
यह शिकायत टिपरा मोथा के सदस्य अभिराम देववर्मा ने दी है। उनका अभी विश्रामगंज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। श्री देववर्मा के मुताबिक विधायक करीब 200 समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे, जिससे तनाव बढ़ गया और झड़पें हुईं।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि मतदान के दौरान विस्फोटक फेंके गए और गोलियां चलाई गईं, जिससे पुलिस अधिकारी और मतदाता दोनों घायल हो गए। मोथा ने विधायक पर मतदान प्रक्रिया में हेरफेर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। खबरों से पता चला कि जब पुलिस ने दखल दिया तो आरोपी भाग गए। मामले में जांच चल रही है, और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित