देहरादून , अप्रैल 09 -- एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) अधिकारियों ने गुरुवार को उत्तराखण्ड के देहरादून में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की उपस्थिति में राज्य में विभिन्न विभागों की चल रही परियोजनाओं (प्रोजेक्ट्स) पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्य सचिव के निर्देश पर विभागों द्वारा अपने महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
मुख्य सचिव ने एडीबी के अधिकारियों से प्रदेश में कौशल विकास से संबंधित प्रोजेक्ट्स पर कार्य किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक जनपद में कम से कम एक मॉडल स्किल सेंटर बनाया जाए। इसमें युवाओं के कौशल विकास के साथ ही सर्टिफिकेशन और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के राज्य में पुलों के निर्माण और लैंड स्लाइड जोन का ट्रीटमेंट कार्य को भी एडीबी द्वारा वित्तपोषित किए जाने का प्रस्ताव एडीबी को प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने टिहरी झील रिंग रोड को एडीबी द्वारा वित्तपोषित किए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इस योजना को प्राथमिकता पर लिया जाए।
श्री बर्द्धन ने कहा कि उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं को भी एडीबी द्वारा वित्तपोषित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जायका से वित्त पोषित जनपदों को छोड़कर, अन्य जनपदों के प्रस्तावों को एडीबी द्वारा वित्तपोषित किया जाए। उन्होंने अर्बन मोबिलिटी और अर्बन प्लानिंग को भी एडीबी में शामिल किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड टाउनशिप डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स तैयार कर एडीबी को सौंपे जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित