जालौन , सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एडीजी कानपुर क्राइम की समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट पुलिसिंग एवं प्रभावी कार्यप्रणाली के लिए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी को अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सम्मानित किया। आईजीआरएस रैंकिंग में जालौन के लगातार पांचवीं बार प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहने पर यह सम्मान प्रदान किया गया।

जिले में पुलिस अधिकारियों द्वारा आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न हो, इसके लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की गई। बेहतर कार्यप्रणाली का परिणाम रहा कि जालौन ने आईजीआरएस रैंकिंग में लगातार पांचवीं बार प्रथम स्थान हासिल किया।

इसके साथ ही जिले में हुई कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामलों का शीघ्र खुलासा किया। घटनाओं में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस की तत्परता से अपराध नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित