टिहरी , जुलाई, 21 -- उत्तराखंड में टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को उप तहसील मदन नेगी और आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप तहसील में एक कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित मिला, जिस पर एडीएम ने उसका वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और आमजन को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही या बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी के निरीक्षण में वेलनेस सेंटर की कुछ मशीनें बंद मिलीं। इस पर एडीएम ने उन्हें शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके। दवाओं का स्टॉक कम मिलने पर उन्होंने समय रहते उच्चाधिकारियों को सूचित कर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित