जयपुर , जून 17 -- राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) की एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव ने कहा है कि कमेटी राजस्थान क्रिकेट को पुनः पटरी पर लाने, राज्य में उच्च स्तरीय खेल ढांचा, सुविधाओं सहित सरल पारदर्शी खेल माहौल एवं समन्वय को विकसित करने पर विशेष बल दे रही हैं।
डॉ यादव ने कमेटी की बुधवार को विभिन्न जिला क्रिकेट संघों के साथ बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कमेटी ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही इसके लिए हर स्तर पर सभी जिला संघों एवं खिलाडियों से समन्वय एवं उनके महत्वपूर्ण सुझावों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस दौरान राज्य में खेल ढांचे के उच्च स्तर पर विकसित करने एवं युवा खिलाड़ियों के लिए बेहतर क्रिकेट गतिविधियों के आयोजन एवं जयपुर , उदयपुर में आरसीए के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तथा जोधपुर के बारकउल्लाह खान स्टेडियम को आरसीए खेल गतिविधियों के अनुरूप जल्द से जल्द उपलब्ध करने के लिए गहन चर्चा की गयी।
एडहॉक सदस्य आशीष तिवाड़ी ने बताया कि जिला संघ प्रतिनिधयों ने आरसीए एडहॉक कमेटी द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के फॉर्मेट को बीसीसीआई द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं के फॉर्मेट के अनुसार आयोजित करने के निर्णय को सराहा एवं इसे राज्य के युवा खिलाडियों के अपने प्रदर्शन को हर फॉर्मेट के अनुसार प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर बताया।
जिला संघ प्रतिनिधियों ने आरसीए की पुरुष सीनियर , पुरष जूनियर व वीमेन चयन कमेटी के गठन पर भी आरसीए एडहॉक कमेटी को बधाई देते हुए कहा कि आरसीए चयन कमेटी में अनुभवी एवं युवा सोच को जिस प्रकार से वरीयता दी गयी है उससे राजस्थान के सीनियर खिलाडियों के अनुभव व युवा खिलाडियों की आक्रमकता में सामंजस्य कर राज्य की मौजबुत टीम के चयन में विशेष लाभ मिलेगा।
एडहॉक कमेटी सदस्य सुशील जैन के अनुसार जिला क्रिकेट संघ प्रतिनिधियों ने मुलाकात के दौरान विशेष रूप से आरसीए एडहॉक कमेटी द्वारा जयपुर के निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को जल्द से जल्द प्रगति पर लाने , उदयपुर में आरसीए के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए सहयोगियों से चर्चा के निर्माण को धरातल पर लाने के लिए किये जा रहे प्रयासों तथा जोधपुर के बरकउल्लाह खान स्टेडियम मैदान व विकेट को आरसीए खेल गतिविधियों के अनुरूप जल्द से जल्द उपलब्ध करने के लिए किये गए कार्यों के लिए धन्यवाद दिया और आशा जतायी कि कमेटी के प्रयासों से जल्द ही राज्य के युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अंतर्राष्टीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित