चंडीगढ़ , अप्रैल 27 -- हरियाणा में गुरुग्राम के लेजर वैली में आयोजित 'आत्मनिर्भर भारत का विजय पर्व' कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों ने मोबाइल की लाइट जलाकर विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डायरेक्ट सेलिंग मॉडल को रोजगार और सामाजिक बदलाव का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। साथ ही ड्रोन और लेजर शो के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री सैनी और श्री धामी की आकृतियां आकाश में प्रदर्शित की गईं, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि यह आयोजन स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और डायरेक्ट सेलिंग मॉडल इस सोच को मजबूती देता है।
उन्होंने कहा कि इस मॉडल के जरिए उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचते हैं, जिससे गुणवत्ता सुनिश्चित होती है और लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। कार्यक्रम में देशभर से आए डायरेक्ट सेलर्स, महिला उद्यमियों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
एडब्ल्यूपीएल के प्रबंध निदेशक डॉ. संजीव कुमार ने कंपनी की ओर से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने और रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह, विपुल गोयल, विधायक मुकेश शर्मा और बिमला चौधरी भी मौजूद रहीं।
श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में इस तरह के बड़े आयोजनों से स्पष्ट है कि प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में हर वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित