मुंबई , अक्टूबर 24 -- महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से कथित संबंध रखने के आरोप में मध्य मुंबई के माहिम से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है। संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में मिली सूचना के आधार पर एटीएस की कालाचौकी इकाई ने उसे गिरफ्तार किया।
एटीएस के अनुसार, आरोपी रैपिडो राइडर के रूप में काम करता था और इत्र भी बेचता था। उस पर सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारों का प्रचार करने, सांप्रदायिक नफरत फैलाने और देश के खिलाफ संदेश प्रसारित करने का आरोप है।
जांच के दौरान अधिकारियों को उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों से कथित तौर पर जिहाद के समर्थन में संदेश तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली। इस सामग्री में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर के भाषणों की ऑडियो क्लिप भी शामिल बताई गई हैं।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि अख्तर ने बाबरी मस्जिद सहित विभिन्न मुद्दों पर अजहर के भड़काऊ भाषणों की ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा करने के लिए टेलीग्राम समूह का इस्तेमाल किया। आरोप है कि ऐसी सामग्री एक जून को अपलोड की गई थी। वह कथित तौर पर 'आईबीएन-ए-कासिम' नामक टेलीग्राम चैनल पर भी सक्रिय था। एटीएस को संदेह है कि यह चैनल पाकिस्तान समर्थित चरमपंथी गतिविधियों से जुड़ा हुआ है।
एटीएस उसकी ऑनलाइन गतिविधियों और संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों (पीआईओ) से संबंध थे या नहीं।
जांचकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र के मुंबई दौरे को लेकर आरोपी द्वारा कथित तौर पर की गयी एक टिप्पणी और सोशल मीडिया पर उसकी अन्य पोस्ट की भी पड़ताल कर रहे हैं।
आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उसका मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। मामले में जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित