पालघर , सितंबर 24 -- महाराष्ट्र में पालघर जिले की बोइसर थाना पुलिस ने एटीएम में वॉकी-टॉकी के जरिए एक महिला को झांसा देकर उसके खाते से 90 हजार रुपये निकालने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दीपुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान जितेंद्र रामदेव पाल के रूप में हुई है। उसे तकनीकी जांच और पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।

घटना 14 सितंबर को बोइसर के शिवाजी नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम में हुई। महिला अपने दामाद के साथ नकदी निकालने गई थी। उसने 7,000 रुपये निकालने के बाद देखा कि उसका डेबिट कार्ड एटीएम के अंदर फंस गया है।

आरोप है कि आरोपी ने एटीएम केबिन में छिपाकर रखे वॉकी-टॉकी के जरिए महिला से बात की और दावा किया कि वह एटीएम कैमरे से उसकी निगरानी कर रहा है। उसने महिला से कार्ड निकालने की कोशिश नहीं करने को कहा और तीन बार अपना पिन डालने तथा कैंसल और एंटर बटन दबाने के लिए कहा।

इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला से अपना मोबाइल नंबर लिखकर एटीएम में छोड़ने को कहा और भरोसा दिलाया कि अगले दिन ऑपरेटर कार्ड निकालकर उसे वापस कर देगा। महिला के एटीएम से चले जाने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसका कार्ड निकाल लिया और पिन का इस्तेमाल कर उसके यस बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिये।

शिकायत मिलने के बाद बोइसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने पाल को गिरफ्तार कर उसके पास से 60 हजार रुपये नकद, वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए दो वॉकी-टॉकी सेट और एक वाहन बरामद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित