भिण्ड , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की मेहगांव पुलिस ने एटीएम में हेराफेरी कर ग्राहकों के रुपये हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 94 एटीएम कार्ड सहित करीब 36 लाख रुपये कीमत का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी एटीएम से नकदी निकलने वाली जगह पर एल्युमिनियम प्लेट को काले टेप से चिपका देते थे। ग्राहक रुपये निकालता तो खाते से रकम कट जाती और लेनदेन सफल होने की रसीद भी निकलती, लेकिन प्लेट लगी होने के कारण नकदी बाहर नहीं आती थी। ग्राहक मशीन में खराबी समझकर चला जाता था, जिसके बाद आरोपी प्लेट हटाकर अंदर फंसी रकम निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को एक ग्राहक भिण्ड-ग्वालियर राजमार्ग पर गोरमी तिराहे स्थित एसबीआई एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने पहुंचा था। खाते से रकम कटने और लेनदेन सफल होने की रसीद मिलने के बावजूद नकदी बाहर नहीं आई। ग्राहक ने अगले दिन बैंक पहुंचकर जानकारी ली तो लेनदेन सफल होने की पुष्टि हुई। इसी तरह एक अन्य ग्राहक के साथ भी घटना सामने आई। इसके बाद 01 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एटीएम के आसपास के तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 02 अक्टूबर को गोरमी तिराहे के एटीएम के आसपास तीन युवक संदिग्ध स्थिति में घूमते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गूगल मैप के जरिए एसबीआई के एटीएम की लोकेशन तलाशते थे और राजमार्ग किनारे लगे एटीएम को निशाना बनाते थे, ताकि वारदात के बाद दूसरे शहर की ओर निकलना आसान रहे। आरोपी 24 सितंबर को टाटा हैरियर कार से नोएडा से निकले थे और उत्तरप्रदेश के आगरा, मुरैना तथा ग्वालियर होते हुए भिण्ड जिले के मेहगांव पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दक्षिण भारत तक जाकर वारदात करने की योजना की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2018 से इसी तरीके से एटीएम में हेराफेरी कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने वर्ष 2019 में देहरादून और वर्ष 2020 में रुद्रपुर में पकड़े जाने और जेल जाने की जानकारी दी है। आरोपियों पर एटीएम कार्ड के जरिए अलग-अलग मशीनों से रुपये निकालकर ठगी करने का भी आरोप है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सत्यार्थ मिश्रा (30), निवासी वजीरगंज, अयोध्या, सत्यम सिंह परिहार (26), निवासी केडीए कॉलोनी, यशोदनगर, कानपुर और अभिजीत सिंह (28), निवासी हरदोई, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात एल्युमिनियम प्लेट, विभिन्न बैंकों के 94 एटीएम कार्ड, दो कैंची, तीन काले टेप, एक नीला टेप, फेवीक्विक, सैमसंग, ओप्पो ए3, वनप्लस 12आर और आईफोन एक्स मोबाइल तथा टाटा हैरियर कार जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक विवेक शर्मा, प्रधान आरक्षक सतेन्द्र शर्मा, आरक्षक तिलक सिंह तोमर, दिनेश मुदगल, शिवा तोमर, उदयभान सिंह तोमर, मंगल बघेल, चालक शिवकुमार शर्मा और साइबर सेल के आरक्षक राहुल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित