छिंदवाड़ा , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की देहात थाना पुलिस ने एटीएम में डकैती की साजिश रच रहे दो आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर वारदात को विफल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तलवार, चाकू, हथौड़ी और लोहे की रॉड बरामद की है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एक एटीएम में डकैती की योजना बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान नीरज उर्फ टूटू उईके (18) निवासी ढीमराढाना, राहुल टेकाम (19) निवासी ढीमराढाना तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि परस उर्फ परसराम सूर्यवंशी निवासी अमन कॉलोनी और कटर उर्फ अभिषेक यादव निवासी गुलाबरा झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने एटीएम को तोड़कर उसमें रखी नकदी लूटने की योजना बनाना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त किए जाने वाले हथियार और औजार जब्त कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310 (4), 310 (5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार एवं फरार आरोपियों के विरुद्ध चोरी सहित अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित