अलवर , अगस्त 02 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आमजन को झांसे में लेकर एटीएम कार्ड बदलने और खातों से रकम उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय सरफू गिरोह के शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने रविवार को बताया कि आरोपी इस्ताक खान (31) के कब्जे से विभिन्न बैंकों और अलग-अलग लोगों के 28 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस अब गैंग के मुख्य सरगना सरफू उर्फ सरफूदीन और उसके साथी शौकिन की तलाश में जुटी है। सरफू पर राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में एटीएम बदलकर ठगी करने सहित नौ आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

श्री उपाध्याय ने बताया कि थाना प्रभारी आशाराम के नेतृत्व में गठित दल ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मामला 12 जुलाई का है, जब पीड़ित हिम्मत सिंह एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से करीब 34 हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 13 जुलाई को इस्ताक खान को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हरियाणा के पलवल जिले के उटावड़ निवासी सरफू उर्फ सरफूदीन के गिरोह के लिए काम करता था। गिरोह एटीएम में मदद के बहाने लोगों का कार्ड बदलकर पिन हासिल करके खातों से रकम निकाल लेता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित