बैतूल , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के प्रभात पट्टन ब्लॉक मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के एटीएम को बदमाशों ने शनिवार रात दूसरी बार निशाना बनाने का प्रयास किया। बदमाश एटीएम को परदे से ढककर बिजली से चलने वाली कटर मशीन से काट रहे थे। इसी दौरान पुलिस की गश्त वहां पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही बदमाश मौके से भाग निकले, जिससे चोरी की वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने अपनी गतिविधियां छिपाने के लिए एटीएम को परदे से ढक रखा था और कटर मशीन से उसे काटने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस की गश्त के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
बताया गया है कि इसी एटीएम को बदमाशों ने गत दो जनवरी को भी निशाना बनाने का प्रयास किया था। दोबारा चोरी की कोशिश होने से एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय स्तर पर एटीएम पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं होने को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। घटना ने एटीएम की सुरक्षा मजबूत करने और निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित