देहरादून , जुलाई 10 -- उत्तराखंड के देहरादून में गुरुवार देर रात एक बैंक के एटीएम को काटकर चोरी करने का प्रयास करते स्थानीय युवक को पुलिस ने रंगेहाथ दबोच लिया।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कल रात बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र की निगरानी टीम द्वारा फ़ोन के माध्यम से थाना प्रेमनगर को सूचना दी गयी कि उनके प्रेम नगर स्थित एटीएम में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी का प्रयास किया जा रहा है। सूचना पर थाना से पुलिस बल जब मौके पर पहुँचा, तो एटीएम में एक व्यक्ति अंदर घुसा हुआ था। पुलिस की तलाशी में उक्त व्यक्ति के पास से एक अवैध चाकू और एक आलानकब बरामद हुआ, जिससे वह एटीएम तोड़ने का प्रयास कर रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम सुमित थापा पुत्र श्याम सिंह थापा बताया। वह देहरादून के प्रेम नगर में गुरु नानक स्कूल के पास रहता है। साथ ही उसने स्वीकार किया कि वह चोरी की नीयत से उक्त एटीएम में आया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार करते हुए उसके विरुद्ध कोतवाली प्रेम नगर पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओला टैक्सी चलाने का कार्य करता है तथा नशे का आदी है। नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए वह बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र के एटीएम को तोड़ने का प्रयास कर रहा था। इससे पूर्व उसने आईसीआईसीआई के एटीएम को भी तोड़ने का प्रयास किया था, पर वह उसमें सफल नहीं हो पाया तथा घटना को अंजाम देने की फिराक में बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र के एटीएम में आ गया, जहां वह अपने पास रखें आलानकब से एटीएम मशीन को तोड़कर उसमें से कैश चोरी करने का प्रयास कर रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित