एटा , जुलाई 03 -- उत्तर प्रदेश में एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में खराब खड़ी रोडवेज बस के बाहर सड़क पर खड़े पांच यात्रियों की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि फर्रुखाबाद के नवाबगंज से नई दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक रोडवेज बस तकनीकी खराबी आने के कारण कीलर मऊ के पास सड़क किनारे खड़ी हो गई थी। बस की मरम्मत की जा रही थी, जबकि अधिकांश यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े होकर उसके ठीक होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस और उसके बाहर खड़े यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मृतकों की पहचान राजेश उर्फ रमेश, सुखराम, शैलेश, सतेंद्र और प्रभाकर के रूप में हुई है। घायलों में विवेक, पूनम, सुमित, ऋषु, रवि, विक्रांत, यतेंद्र, विशाल, नितिन, दक्ष तथा आनंद सिंह शामिल हैं।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और बाद में एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
घायल यात्री आनंद सिंह ने बताया कि वह नवाबगंज (फर्रुखाबाद) से दिल्ली जा रहे थे। बस खराब होने के कारण करीब 30 से 40 यात्री नीचे उतरकर सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस और यात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने, मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित