एटा , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश में एटा जिले के सकरौली थाना क्षेत्र के शाहनगर टिमरूआ गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में मारपीट और पथराव हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव के ठाकुर पक्ष के दिनेश, दुष्यन्त, पवन, हरिकृष्ण, आदित्य सहित कुछ अन्य लोगों तथा कुशवाह पक्ष के टीकाराम, नरेन्द्र, भुजवीर, अनिल, छत्रपाल और तुर्सनपाल के बीच आपसी विवाद को लेकर गाली-गलौज के बाद पथराव हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी और पत्थरबाजी की, जिससे कई लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध मुकदमा संख्या 24/26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आपराधिक कानून अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठाकुर पक्ष के दिनेश, दुष्यन्त, पवन, हरिकृष्ण और आदित्य तथा कुशवाह पक्ष के टीकाराम उर्फ पुजारी, नहना उर्फ नरेन्द्र, भुजवीर, अनिल, छत्रपाल और तुर्सनपाल को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया कि गुरुवार शाम गांव के बाहर लगने वाले मेले में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे पंचायत के माध्यम से सुलझा लिया गया था। शुक्रवार सुबह उसी बात को लेकर फिर से विवाद हो गया। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित