एटा , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक निसंतान दंपति के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के रशीदपुर गांव निवासी भानु प्रताप सिंह (38) और उनकी पत्नी रामादेवी (35) के शव गांव से लगभग 500 मीटर दूर खेत में एक पेड़ पर लटके मिले। दोनों की शादी करीब 14 वर्ष पहले हुई थी और उनके कोई संतान नहीं थी। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात पहले पत्नी रामादेवी ने खेत पर जाकर फांसी लगा ली। बाद में जब भानु प्रताप पत्नी की तलाश करते हुए खेत पहुंचे तो उन्होंने पत्नी का शव पेड़ से लटका देखा। उन्होंने पहले शव नीचे उतारा और फिर उसी पेड़ पर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों शव देखे तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन, सीओ जलेसर नागेंद्र प्रताप सिंह तथा अन्य अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित