एटा , मई 22 -- उत्तर प्रदेश में एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र स्थित 1320 मेगावाट क्षमता वाली जवाहर तापीय विद्युत परियोजना परिसर में शुक्रवार को स्क्रैप और सूखी घास में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ, थाना मलावन पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। मौके पर मौजूद मलावन थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि परियोजना परिसर में रखे स्क्रैप में आग लगी थी। वहीं जवाहर तापीय विद्युत परियोजना के चीफ जनरल मैनेजर प्रेम धवन ने फोन पर बताया कि आग घास-फूस में लगी है और वह स्वयं मौके पर मौजूद हैं।

अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं और समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जवाहर तापीय विद्युत परियोजना अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र है, जहां हजारों की संख्या में अधिकारी, इंजीनियर, कर्मचारी और मजदूर कार्यरत हैं। ऐसे में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रथम दृष्टया परियोजना प्रबंधन की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित