मुंबई , अगस्त 19 -- िल्ममेकर एटली ने क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द ओडिसी' की जमकर तारीफ करते हुए इसे ऐसा सिनेमाई अनुभव बताया है, जो सामान्य फिल्मों से कहीं आगे जाता है। एटली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक नोट साझा कर फिल्म की कहानी, विजुअल्स, सिनेमैटोग्राफी और लुडविग गोरानसन के संगीत की प्रशंसा की है।

अपने अनुभव को साझा करते हुए एटली ने कहा कि कुछ फिल्में केवल देखी जाती हैं, कुछ की तारीफ की जाती है, लेकिन बहुत कम फिल्में ऐसी होती हैं जो दर्शक को पूरी तरह किसी दूसरी दुनिया में ले जाती हैं और 'द ओडिसी' ने उनके साथ ऐसा ही अनुभव किया।

एटली ने नोलन की कहानी कहने की शैली को अद्भुत बताते हुए फिल्म के विजुअल्स और सिनेमैटोग्राफी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म के दृश्य अपनी अलग भाषा बोलते हैं और कैमरा भी कहानी सुनाने वाले एक किरदार की तरह महसूस होता है। वहीं, लुडविग गोरानसन के संगीत की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यह संगीत सिर्फ फिल्म के साथ नहीं चलता, बल्कि दर्शकों की धड़कनों में उतर जाता है।

एटली ने फिल्म के एड्रेनालिन और इमर्सिव प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने थिएटर में ऐसा अनुभव बहुत कम महसूस किया है। उन्होंने कहा कि जब दर्शक पूरी तरह फिल्म के अनुभव में डूब जाता है, तभी एक सच्ची एपिक फिल्म बनती है।

अपने नोट के अंत में एटली ने दर्शकों से 'द ओडिसी' को आईमैक्स में देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिल्म को दर्शकों को अपने चारों ओर से घेरने और खुद पर हावी होने देना चाहिए, ताकि वह उन्हें किसी दूसरी दुनिया में ले जा सके। उनके अनुसार कुछ सिनेमा सिर्फ देखने के लिए होते हैं, जबकि कुछ को जीने के लिए बनाया जाता है।

गौरतलब है कि बड़े पैमाने की भव्य और दृश्यात्मक रूप से प्रभावशाली फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले एटली की नोलन की 'द ओडिसी' को लेकर की गई प्रशंसा ने उनकी आगामी फिल्म 'राका' को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अल्लू अर्जुन के साथ एटली की यह फिल्म पहले से ही चर्चा में है और अब प्रशंसक यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि वह पर्दे पर अगला बड़ा सिनेमाई अनुभव किस रूप में पेश करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित