मुंबई , नवंबर 09 -- दक्षिण भारतीय फिल्मों के चर्चित निर्देशक एटली और उनकी पत्नी प्रिया ने अपनी शादी की 12वीं सालगिरह मनायी। इस खास मौके पर दोनों के प्यार, विश्वास और साथ के खूबसूरत सफर की चर्चा हो रही है। दोस्ती से शुरू हुई उनकी प्रेम कहानी आज एक खुशहाल पारिवारिक जीवन में बदल चुकी है।

एटली और प्रिया की पहली मुलाकात कुछ साझा दोस्तों के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हुई और यह प्यार में बदल गयी। कई वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 09 नवंबर 2014 को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली। एटली के फिल्मी करियर के उतार-चढ़ाव और सफलता के सफर में प्रिया हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं।

इस जोड़ी के जीवन में खुशियों का नया अध्याय 31 जनवरी 2023 को जुड़ा, जब उनके घर बेटे मीर का जन्म हुआ। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को उनके परिवार में बेटी मियू के आगमन से खुशियां दोगुनी हो गयीं। दो बच्चों के माता-पिता बनने के बाद उनका पारिवारिक जीवन और भी खुशनुमा हो गया है।

एटली और प्रिया अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरों और पारिवारिक पलों को साझा करते रहते हैं। उनकी तस्वीरों में एक-दूसरे के प्रति प्रेम, आपसी समझ और बच्चों के साथ बिताए खूबसूरत पलों की झलक देखने को मिलती है।

शादी के 12 वर्ष पूरे होने के साथ एटली और प्रिया का रिश्ता प्यार, विश्वास और आपसी सहयोग की मिसाल बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित