चंडीगढ़/फिरोजपुर , जून 07 -- पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में राजस्थान के दो शूटरों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है, जो फिरोजपुर जिले के मखू निवासी गुरचरण सिंह गाबा की हत्या के मामले में वांछित थे।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर की बेरेटा पिस्तौल और .30 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी आपराधिक गतिविधियों में लंबे समय से शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ जबरन वसूली, लूटपाट, डकैती, चोरी तथा शस्त्र अधिनियम के तहत विभिन्न मामले दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
श्री यादव ने बताया कि इस संबंध में मखू थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित गैंग संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि पंजाब को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित