नयी दिल्ली , जुलाई 13 -- सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज का समेकित शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 20.32 प्रतिशत बढ़कर 4,624 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने सोमवार को बताया कि तिमाही के दौरान उसका परिचालन राजस्व 13.94 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 34,579 करोड़ रुपये पर रहा। उसका परिचालन लाभ 17.99 फीसदी बढ़कर 5,831 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में अंतरिम लाभांश के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गयी। दो रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 12 रुपये का अंतरिम लाभांश मिलेगा। इसके लिए 17 जुलाई की शेयरधारिता को आधार बनाया जायेगा और लाभांश का भुगतान 27 जुलाई को किया जायेगा।
तिमाही के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 2,23,889 रह गयी। यह इस साल 31 मार्च के मुकाबले 3,292 कम है। महिला कर्मचारियों की हिस्सेदारी 29.6 प्रतिशत पर स्थिर रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित