नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में 4.5 प्रतिशत बढ़कर 4,795 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने प्रति शेयर 12 रुपये के लाभांश की घोषणा की है जिसके लिए रिकॉर्ड की तारीख 16 जनवरी रखी गयी है और भुगतान 27 जनवरी को किया जायेगा। यह लगातार 92वीं तिमाही है जब कंपनी ने राजस्व की घोषणा की है।
कंपनी ने बताया कि आलोच्य तिमाही में उसका कुल राजस्व 13.3 प्रतिशत बढ़कर 33,872 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। डॉलर में राजस्व 379.3 करोड़ रहा जो सालाना आधार पर 7.4 प्रतिशत अधिक है।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने पूरे वित्त वर्ष के दौरान राजस्व में 4.0 प्रतिशत से 4.5 प्रतिशत के बीच वृद्धि की उम्मीद जतायी है। वहीं, सर्विसेज श्रेणी में राजस्व 4.75-5.25 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जतायी गयी है। कंपनी ने कहा है कि वित्त वर्ष में उसका कर पूर्व लाभ 17-18 प्रतिशत बढ़ सकता है।
कंपनी के राजस्व में सबसे अधिक 56.3 प्रतिशत का योगदान अमेरिकी कारोबार का रहा। यूरोप का योगदान 27.7 प्रतिशत और भारत का 3.3 प्रतिशत रहा। अन्य क्षेत्रों का कुल योगदान 12.8 प्रतिशत रहा।
वित्तीय सेवा खंड के क्लाइंटों से कंपनी ने सबसे अधिक 21.1 प्रतिशत राजस्व कमाया। विनिर्माण का योगदान 18.8 प्रतिशत और जीवविज्ञान एवं स्वास्थ्य खंड का 14.4 प्रतिशत रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित